दालों की बढ़ती कीमतों पर सरकार सख्त, स्टॉक डिस्क्लोजर अनिवार्य; जरूरत पड़ने पर लग सकती है स्टॉक लिमिट
केंद्र सरकार ने मिलर्स, स्टॉकिस्टों, इंपोर्टर्स और कारोबारियों के लिए हर शुक्रवार स्टॉक की जानकारी देना अनिवार्य किया। वहीं, तमिलनाडु सरकार ने तूर, उड़द, धान और चावल पर स्टॉक लिमिट लागू की।

दालों की बढ़ती कीमतों को देखते हुए केंद्र सरकार ने बाजार की निगरानी बढ़ा दी है। फिलहाल केंद्र सरकार ने देशभर में दालों पर स्टॉक लिमिट लागू नहीं की है, बल्कि स्टॉक की वास्तविक स्थिति पर नजर रखने के लिए हर शुक्रवार स्टॉक डिस्क्लोजर अनिवार्य किया है।
इस नियम के तहत मिलर्स, स्टॉकिस्ट, इंपोर्टर्स, थोक एवं खुदरा कारोबारियों और बड़ी रिटेल चेन को दालों के अनुसार अपने स्टॉक की जानकारी घोषित करनी होगी। सरकार का उद्देश्य बाजार में उपलब्ध स्टॉक की स्थिति स्पष्ट करना और कीमतों में तेजी के कारणों की निगरानी करना है। जरूरत पड़ने पर केंद्र सरकार आगे स्टॉक लिमिट लगाने जैसे कदम भी उठा सकती है।
दूसरी ओर, तमिलनाडु सरकार ने स्टॉक नियंत्रण को लेकर सख्त कदम उठाते हुए तूर, उड़द के साथ धान और चावल पर भी स्टॉक लिमिट लागू कर दी है।
बाजार पर असर: केंद्र सरकार के स्टॉक डिस्क्लोजर नियम से दाल कारोबार में स्टॉकिस्टों और मिलर्स की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ेगी। खासकर चना, तूर और उड़द में आने वाले दिनों में सरकारी हस्तक्षेप की संभावना महत्वपूर्ण रहेगी। ऐसे में बाजार की दिशा तय करने में स्टॉक डेटा, सरकारी खरीद-बिक्री और नीतिगत फैसलों की भूमिका बढ़ सकती है।
Market news is for information only and is not a recommendation to buy or sell. Investment in securities market are subject to market risks. Read all the related documents carefully before investing.





