Commodity SamacharThu, 26 Nov, 2026SEBI Reg. No. INH000017781BSE Enlistment No. 6321Liked
  1. Home
  2. Agri

भारत में गेहूं की बुवाई 26 साल के निचले स्तर पर पहुंचने की आशंका, किसानों का चना-सरसों की ओर रुझान

रबी 2026-27 में गेहूं का रकबा 6% घटकर 3.158 करोड़ हेक्टेयर रहने का अनुमान, कम बुवाई से आगे कीमतों को मिल सकता है सहारा

भारत में रबी 2026-27 के दौरान गेहूं की बुवाई का रकबा घटने की आशंका से बाजार की चिंता बढ़ गई है। Reuters की रिपोर्ट के अनुसार, इस साल गेहूं का कुल बुवाई क्षेत्र पिछले साल के रिकॉर्ड स्तर से करीब 6% घटकर 3.158 करोड़ हेक्टेयर रह सकता है। यदि ऐसा होता है, तो यह 2000-01 के बाद गेहूं के रकबे में सबसे बड़ी सालाना गिरावट होगी।

बुवाई के शुरुआती आंकड़े भी कमजोर संकेत दे रहे हैं। 13 नवंबर तक देश में करीब 50 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई हुई थी, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 15.3% कम है। इस गिरावट के पीछे कमजोर मानसून को एक प्रमुख वजह माना जा रहा है। प्रमुख गेहूं उत्पादक राज्यों में मिट्टी की नमी और सिंचाई के पानी की उपलब्धता प्रभावित हुई है, जिसके चलते किसान गेहूं के बजाय कम पानी की जरूरत वाली फसलों जैसे चना और सरसों की ओर रुख कर रहे हैं।

इसके अलावा, चना और सरसों के बेहतर बाजार भाव तथा गेहूं के MSP में केवल 1% की बढ़ोतरी भी किसानों के फसल चयन को प्रभावित कर रही है। यदि गेहूं का रकबा अनुमान के मुताबिक घटता है और अल नीनो का असर आगे उत्पादन पर भी पड़ता है, तो घरेलू उपलब्धता और खाद्य महंगाई को लेकर चिंता बढ़ सकती है।

घरेलू बाजार की बात करें तो गेहूं की कीमतों में अभी चना, मक्का और सरसों जैसी तेज बढ़त देखने को नहीं मिली है। हालांकि, आटा मिलों की लगातार खरीदारी से बाजार को सहारा मिल रहा है। खासकर कम आवक वाले क्षेत्रों में गेहूं के भाव में सुधार देखा जा रहा है। आगे बुवाई का रकबा कम रहने की स्थिति में कीमतों को अतिरिक्त समर्थन मिल सकता है।

दूसरी ओर, सरकारी स्टॉक से खुले बाजार में गेहूं की बिक्री और नई रबी फसल की आवक कीमतों की तेजी को सीमित कर सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी CBOT गेहूं हालिया गिरावट के बाद संभला है, लेकिन उतार-चढ़ाव बना हुआ है।

कुल मिलाकर, घरेलू मांग और गेहूं के घटते बुवाई रकबे से कीमतों में रिकवरी की संभावना बनी हुई है। हालांकि, मजबूत तेजी के लिए सरकारी बिक्री और नई फसल के रकबे पर नजर रखना जरूरी होगा। तकनीकी रूप से 2,900 रुपये प्रमुख सपोर्ट है। सरकारी बिक्री बढ़ने पर मुनाफावसूली की स्थिति में 2,850 रुपये तक गिरावट संभव है, जबकि ऊपर की ओर 3,200–3,400 रुपये के लक्ष्य बने हुए हैं।

Market news is for information only and is not a recommendation to buy or sell. Investment in securities market are subject to market risks. Read all the related documents carefully before investing.